कांगड़ाः हिमाचल प्रदेश के एक युवक की दुबई में पेश आए हादसे के चलते मौत होने की खबर सामने आई है। मामला प्रदेश के कांगड़ा जिले स्थित शाहपुर क्षेत्र के तहत पड़ती ग्राम पंचायत कैरी के महाड़ गांव का है।
ढाई साल पहले गया था दुबई-
मृतक युवक की पहचान 23 वर्षीय अनुराग कुमार पुत्र जैसी राम के तौर पर हुई है। मिली जानकारी के मुताबिक अनुराग अपने गांव के ही एक युवक के साथ ढाई साल पहले दुबई गया था। जहां दोनों एक कंपनी के माध्यम से काम करते थे।
अचानक गिरा मलबा, दबने से गई युवक की जान
इस दौरान बीते शुक्रवार को रात के समय बिल्डिंग में काम करते वक्त अचानक अनुराग पर मलबा आ गिरा। मलबे में दबने के कारण उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि अनुराग के साथ बिहार के अन्य युवक भी इस हादसे का शिकार हुए हैं।
इस हादसे की जानकारी महाड़ गांव निवासी विक्की कुमार ने अपने घरवालों को फोन के माध्यम से दी। बता दें कि विक्की भी उसी कंपनी में काम करता है परंतु बीते कल उसकी छुट्टी होने के कारण वह हादसे का शिकार होने से बच गया।
अपने पीछे भरा पूरा परिवार छोड़ गया
इस संबंध में जानकारी देते हुए विक्की के पिता ने बताया कि मृतक युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम के बाद उसके शव को वापस लाने की प्रक्रिया अमल में लाई जाएगी।
मृतक अपने पीछे भरा पूरा परिवार छोड़ गया है। अनुराग के पिता मेहनत मजदूरी का काम करते हैं। जानकारियों की मानें तो अनुराग मजबूरी के कारण विदेश गया हुआ था। ताकि उसके परिवारजनों का जीवन सुख से बसर हो सके। परंतु इस बीच उसके साथ यह हादसा पेश आ गया।
0 टिप्पणियाँ
Please do not enter any spam link in the comment box. Thanks