किन्नौर: हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले से लेबर कैंप में आग लगने की खबर सामने आई है। आग की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत की पुष्टि हुई है। वहीं, अस्थायी रूप से लगाए गए तीन शिविर भी जल कर राख हो गए हैं।
सो रहे मजदूर की गई जान:
मिली जानकारी के अनुसार बुधवार दोपहर 2:15 बजे के करीब पुलिस थाना मूरंग के तहत आने वाले आकपा क्षेत्र के 68 आरसीसी ग्रेफ में यह अग्निकांड पेश आया है। आग लगने के कारणों का पता अभी तक नहीं चल पाया है।
घटना के दौरान कैंप के शेड में सो रहा एक व्यक्ति आग की चपेट में आ गया और जलने की वजह से उसकी मौत हो गई। मृतक व्यक्ति की पहचान छोटू किस्कू (45 वर्ष), पुत्र मंगल किस्कू, गांव रंगनाथपुर, तहसील पुडिया, जिला घोड्डा, झारखंड के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल का दल मौके पर पहुंचा और कड़ी मशक्कत के बाद भड़की आग पर काबू पाया। मौके पर पहुंची पुलिस टीम आग लगने के कारणों की छानबीन में जुट गई है।
परिजनों को दिया गया मुआवजा:
साथ ही राजस्व विभाग की ओर से तहसीलदार मूरंग राजेश नेगी ने घटनास्थल का दौरा किया और नुकसान का जायजा लिया। प्रशासन की ओर से मृतक के परिजनों को 10 हजार रुपये की फौरी राहत जारी की गई है। शेड जलने पर मनोज और लाल देव को 5-5 हजार रुपये की राहत राशि दी गई है।
मामले की पुष्टि करते एसपी किन्नौर अशोक रत्न ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए पीएचसी रारंग भेजा गया है। एडीएम पूह अश्वनी कुमार ने बताया कि घटना में मृतक के परिजनों और अन्य प्रभावितों को फौरी राहत राशि जारी की गई है।
0 टिप्पणियाँ
Please do not enter any spam link in the comment box. Thanks