नई दिल्ली: नई दिल्ली के दौरे पर गए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के हिमाचल सदन पहुंचते ही वहां उनकी मुलाक़ात बागी नेता चेतन बरागटा से हुई। मुख्यमंत्री को देखते ही चेतन उनके पैरों में गिर पड़े। मुख्यमंत्री ने चौंकते हुए पूछा अरे! आप भी यहां आ गए हैं।
आधे घंटे तक हुई बातचीत:
बता दें कि राजधानी दिल्ली स्तिथ हिमाचल सदन में मुख्यमंत्री ने चेतन बरागटा के साथ आधे घंटें तक बातचीत की। बंद कमरे में दोनों नेताओं के बीच क्या बातचीत हुई यह सामने नहीं आया है। चेतन भी मीटिंग के बाद मीडिया के सवालों से बचते हुए दिखे।
दरअसल, बीजेपी से निष्कासित चेतन बरागटा नगर निगम चुनावों में अपने प्रत्याशी खड़े करने की बात पहले ही कह चुके हैं और अगर वे अपने प्रत्याशी खड़े करते हैं तो इसका सीधा नुकसान बीजेपी को होगा।
बीजेपी में वापसी चाहते हैं चेतन:
नगर निगम शिमला के चुनाव सीएम जयराम के लिए काफी अहम है। दूसरा इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले चेतन बरागटा पार्टी में वापसी चाहते हैं। गाहे- बगाहे वे सोशल मीडिया पर बीजेपी के लिए प्रेम दर्शाते रहते हैं। चार राज्यों में बीजेपी की जीत के लिए भी उन्होंने ट्विटर पर पार्टी के नेतृत्व को बधाई दी थी।
वहीं, सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार केंद्रीय आलाकमान से चेतन की वापसी को लेकर ग्रीन सिग्नल नहीं है। यही कारण है कि उनके घर वापसी में कठिनाई आ रही है। जिसका प्रमुख कारण है कि उनके बागी रवैए के कारण बीते उपचुनाव में बीजेपी को खासा नुकसान का सामना करना पड़ा था।
कई केंद्रीय मंत्री से मिले जयराम:
वहीं, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सबसे पहले गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की और फिर वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से मिले। उन्होंने हिमाचल के जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की। वित्त मंत्री ने सीएम को हिमाचल के लिए हरसंभव मदद करने का विश्वास दिलाया।
इसके अलावा जयराम ठाकुर ने केंद्रीय मंत्री आरके सिंह से भी मुलाकात की है। केंद्रीय मंत्री के साथ बैठक में हिमाचल को लेकर कई मुद्दों पर चर्चा हुई।
0 टिप्पणियाँ
Please do not enter any spam link in the comment box. Thanks