शिमला: हिमाचल प्रदेश सरकार के मंत्रीमंडल में फेरबदल को लेकर चर्चा काफी समय से चल रही है। अब खबर आ रही है कि अप्रैल के पहले सप्ताह में फेरबदल की अधिसूचना जारी हो सकती है।
मंत्रीमंडल में फेरबदल को लेकर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर भी कई बार संकेत दे चुके हैं। इस बीच सरकार के कई बड़े मंत्री दिल्ली में डेरा जमाए हुए हैं।
परमार होंगे प्रदेश अध्यक्ष!
बता दें कि कई मंत्रियों के ऊपर पद जाने का खतरा मंडरा रहा है। वहीं, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पद में भी बदलाव की भी पुख्ता खबरें सामने आई हैं।
भाजपा सूत्रों के हवाले से आ रही जानकारी के अनुसार प्रदेश अध्यक्ष पद का जिम्मा विपिन सिंह परमार को दिया जा सकता है। परमार अभी विधानसभा अध्यक्ष हैं।
विपिन परमार यदि प्रदेश अध्यक्ष होते हैं ऐसे में स्पीकर पद के लिए मंत्री सुरेश भारद्वाज या फिर मंत्री महेंद्र सिंह का नाम चर्चा में बना हुआ है।
मंत्रीमंडल में शामिल होंगे डॉ हंस राज:
वहीं, डिप्टी स्पीकर डॉ हंस राज को मंत्रीपद मिलना तय माना जा रहा है। ऐसे में डिप्टी स्पीकर पद पर भोरंज से विधायक कमलेश कुमारी का नाम सामने आया है।
डॉ हंस राज के अलावा हमीरपुर से विधायक नरिंदर ठाकुर को भी मंत्रीमंडल में शामिल करने की पुष्टि सूत्र कर रहे हैं। डॉ राजीव बिंदल की भी मंत्रीमंडल में वापसी हो सकती है।
कुछ अन्य नए चेहरों को भी मौका दिया जा सकता है। विधायकों के परफॉर्मेंस के आधार पर यह निर्णय लिया जाएगा। इस बाबत केंद्रीय आलाकमान ने सर्वे भी कराई है।
इन मंत्रियों की होगी छुट्टी:
इसके अलावा और कई मंत्रियों का पद छीन सकता है। इनमें सुरेश भारद्वाज, ठाकुर महेंद्र सिंह, राकेश पठानिया, सरवीन चौधरी, सुखराम चौधरी, बिक्रम सिंह का नाम शामिल है।
देखना दिलचस्प होगा कि इन नेताओं को मंत्रीमंडल से निकालने के बाद किन चेहरों को मंत्रिपरिषद में शामिल किया जाएगा। सूत्र बता रहे हैं कि अप्रैल के पहले सप्ताह में ही फेरबदल की अधिसूचना जारी हो जायेगी।
0 टिप्पणियाँ
Please do not enter any spam link in the comment box. Thanks