शिमलाः पंजाब विधानसभा चुनावों के एग्जिट पोल में आम आदमी पार्टी को बहुमत मिलता दिखने के बाद हिमाचल में राजनीतिक सरगर्मियां बढ़ गई है। माना जा रहा है कि चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद जल्द ही आप पार्टी के नेता हिमाचल का रुख कर सकते हैं। बता दें कि इस साल के अंत में हिमाचल में विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में जल्द ही सीएम केजरीवाल सहित पार्टी के अन्य बड़े नेता चुनावी प्रचार प्रसार के लिए यहां पहुंच सकते हैं।
वहीं, बात करें हाल ही में संपन्न हुए उपचुनावों की तो इनमें आम जनता का गुस्सा सरकार के प्रति साफ तौर पर देखने को मिला है। अकेले मंडी लोकसभा सीट पर ही करीब 14 हजार लोगों ने नोटा का बटन दबाते हुए सरकार के प्रति अपनी बेरुखी जाहिर की थी।
इन जिलों को सबसे पहले टारगेट करेगी आप
गौरतलब है कि राज्य के अधिकांश जिले पंजाब से सटे हैं। इनमें जिला ऊना सहित चंबा, कांगड़ा सोलन, सिरमौर और बिलासपुर शामिल हैं। ऐसे में आम आदमी पार्टी के नेता चुनावी नजरिए से सबसे पहले इन क्षेत्रों को अपना निशाना बना सकते हैं।
जबकि प्रदेश में पहले ही आम आदमी पार्टी की ओर से सदस्यता अभियान छेड़ा जा चुका है। इस अभियान में पार्टी के नेता लोगों को पंफलेट बांटकर अपने एजेंडा के बारे में समझा रहे हैं। इसमें मुख्यतः
- बिजली और पानी को मुफ्त देने की बात कही जा रही है।
- गरीबों के लिए कॉलोनियां, लोगों को भरपेट भोजन, राशन सस्ता आदि के वादे किए जा रहे हैं।
- हर घर में व्यक्ति को रोजगार देने का भी आश्वासन दिया जा रहा है।
जनता भाजपा व कांग्रेस से है परेशान
इस संबंध में आप पार्टी के उपाध्यक्ष तथा पूर्व डीजीपी आईडी भंडारी ने जानकारी साझा करते हुए बताया कि प्रदेश की जनता भाजपा तथा कांग्रेस से तंग आ चुकी है। दोनों ही पार्टियां भ्रष्टाचार में डूबी हैं। इसके अलावा उन्होंने कहा कि आम ने दिल्ली तथा पंजाब से इनका सफाया किया है और जल्द ही पार्टी के वरिष्ठ नेता हिमाचल की ओर रुख कर रहे हैं।
जनता को मिला तीसरा विकल्प
इस संदर्भ में मनाली विधानसभा क्षेत्र के अध्यक्ष प्रेम चंद ने कहा कि जनता की आवाज कही जाने वाली आप पार्टी की हवा दिल्ली से पंजाब होते हुए हिमाचल पहुंच रही है। उन्होंने बताया कि हिमाचल प्रदेश की जनता को आम आदमी पार्टी के रुप में तीसरा विकल्प मिल गया है। आप पार्टी भाजपा व कांग्रेस की अदला-बदली का खेल को खत्म कर रही है। पार्टी प्रदेश में सरकार बनाने की तैयारी में जुट गई है और बूथ स्तर पर काम में जुट गई है।
उन्होंने कहा कि पार्टी ने मनाली विधानसभा की कार्यकारिणी का गठन करने के बाद क्षेत्र में 14 उप समितियों का गठन कर लिया है। प्रदेश में आप पार्टी सरकार बनाते ही भ्रष्टाचार को प्राथमिकता में खत्म करेगी। दिल्ली की तर्ज पर हिमाचल को दिल्ली माडल बनाएंगे।
0 टिप्पणियाँ
Please do not enter any spam link in the comment box. Thanks