शिमला। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस की अध्यक्ष बनाए जाने के बाद मंडी सांसद प्रतिभा सिंह ने अपनी इस नियुक्ति को लेकर कांग्रेस आलाकमान का आभार व्यक्त किया है। कल कांग्रेस अलाकामान की तरफ से संगठन में हुए बदलाव की लिस्ट जारी होने के बाद प्रतिभा सिंह देर शाम अपनी कुल देवी मां भीमाकाली के दर्शन करने पहुंची और आज बुधवार सुबह माता के दर्शन करने के बाद रामपुर लौट आईं। इसके बाद यहां से वो शिमला के लिए निकल गई हैं।
यह भी पढ़ेंः जयराम कैबिनेटः शुरू हुई बैठक, 20 एजेंडों पर होगी चर्चा- यहां जानें संभावित फैसले
इस दौरान उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री स्व वीरभद्र सिंह आज हमारे बीच में नहीं है, लेकिन प्रदेश की जनता जानती है कि वे किसी न किसी रूप में हमारे साथ हैं। प्रदेश में आज तक जो भी विकास हुआ है वह सारा कांग्रेस सरकारों की ही देन है।
यहां पढ़ें क्या बोलीं प्रतिभा
प्रतिभा सिंह ने आगे कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनेगी और इसके पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ मिलकर काम किया जायेगा और एक बार फिर से प्रदेश में कांग्रेस सत्ता में आएगी। बकौल प्रतिभा सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री स्व। वीरभद्र सिंह जब तक जीवित थे तब तक उनका सानिध्य प्रदेश की जनता और कांग्रेस पार्टी को मिलता रहा, लेकिन आज वे हमारे बीच नहीं है और जनता भी जानती है कि वे किसी न किसी रूप में हमारे साथ ही हैं।
मंडी उपचुनाव की तरह इस बार भी वीरभद्र कार्ड
उन्होंने आगे कहा कि हिमाचल के विधानसभा चुनाव पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के सानिध्य में लड़ेंगे और प्रदेश की जनता भी कांग्रेस को सहयोग देगी। गौरतलब है कि मंडी लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव में भी कांग्रेस पार्टी की तरफ से वीरभद्र सिंह के नाम पर वोट मांगे गए थे। वहीं, अब आगामी चुनावों के लिए भी प्रतिभा सिंह की तरफ से एक बार फिर कुछ उसी तरह का माहौल बनाया जा रहा है। ऐसे में अब यह देखना अहम होगा कि सूबे की जनता क्या एक बार फिर से वीरभद्र के नाम पर कांग्रेस को वोट करेगी।
0 टिप्पणियाँ
Please do not enter any spam link in the comment box. Thanks