चंबा। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में यहां छत से फिसल कर गिरने की वजह से एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई है। यह हादसा सलूणी क्षेत्र के सिंगाधार के गांव कुंदी का है। बताया गया कि यह हादसा आज सुबह के वक्त पेश आया। जब उक्त महिला कपड़े धोने के बाद उन्हें सूखने डालने के लिए छत पर गई थी।
इसी बीच अचानक से उसका पैर फिसलने के कारण वह नीचे आ गिरी। वहीं, नीचे गिरते ही महिला बेसुध हो गई। ऐसे में उसके परिजन उसे आनन-फानन में अस्पताल की और लेकर भागे। सबसे पहले वे उसे नागरिक अस्पताल सलूणी ले आए। जहां चिकित्सकों ने उसे प्राथमिक इलाज देने के बाद गंभीर हालत में आगे के इलाज की खातिर पंडित जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज चंबा रेफर कर दिया।
जहां उसका इलाज जारी है। घायल महिला की पहचान अंजु पत्नी विजय कुमार निवासी गांव कुंदी के रूप में की गई है। इस हादसे के बारे में अधिक जानकारी देते हुए तहसीलदार सलूणी पवन ठाकुर ने बताया कि छत से गिरने के चलते महिला के घायल होने की जानकारी प्राप्त हुई है। प्रशासन नियम के तहत प्रभावित परिवार की हरसंभव सहायता करेगा।
0 टिप्पणियाँ
Please do not enter any spam link in the comment box. Thanks